
डिंडौरी : 18 मार्च, 2026
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में चालू वित्तीय वर्ष की अंतिम जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक स्पेशल डीएलसीसी बैठक के रूप संपन्न हुई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एलडीएम रविशंकर, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्रीमती राधिका कुशरो सहित समस्त बैंकों के जिला समन्वयक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड के 8 प्रकरणों में से 6 का निराकरण किया जा चुका है, शेष प्रकरणों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना के तहत 12 में से 8 प्रकरण पूर्ण हो चुके हैं, शेष प्रकरण भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी बैंकों की सराहना की।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि बैंक एवं विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले की आर्थिक प्रगति को गति प्रदान करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निरंतर अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी शिकायतों का समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों का नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित मामलों को शीघ्रता से निराकृत करें, ताकि आमजन को राहत मिल सके।