A2Z सभी खबर सभी जिले की

शहपुरा में कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी सम्पन्न, किसानों को आधुनिक तकनीक की दी गई जानकारी

शहपुरा स्थित रानी दुर्गावती खेल मैदान में कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का सफल आयोजन

डिंडौरी : 18 मार्च, 2026
जिले के शहपुरा स्थित रानी दुर्गावती खेल मैदान में कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कन्या पूजन कर किया गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, आत्मा प्रभारी सुश्री नेहा धुरिया, सहायक संचालक कृषि सुश्री अभिलाषा चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि विज्ञान मेला का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना एवं उन्नत खेती की जानकारी प्रदान करना रहा। मेले में कृषि विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य विभाग, आत्मा, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, जनपद शिक्षा केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, नगर पालिका परिषद शहपुरा, राजस्व विभाग, मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे किसानों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर किसान तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाकर आय बढ़ाने की सलाह दी तथा वन अधिकार पत्र एवं अनुकंपा नियुक्ति जैसे लाभों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि किसान किसी के बहकावे में न आएं और सीधे संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लें।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि वीबीजी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में खेत, तालाब एवं कुआं निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनका लाभ किसान उठा सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि खाद, बीज, सिंचाई एवं विद्युत से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु किसान सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा, अनुकंपा नियुक्ति पत्र, कृषि सामग्री एवं अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!