
कोटपूतली-बहरोड़, 17 मार्च। जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा के नेतृत्व में रसद विभाग की टीम ने कोटपूतली क्षेत्र के श्यामनगर स्थित झमिला वाली ढाणी में अवैध रूप से संचालित गैस एजेंसी पर कार्रवाई की। इस दौरान 106 भरे हुए और 95 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

अवैध गैस एजेंसी “गुंजन गैस एजेंसी” के संचालक के पास आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड नहीं थे। एजेंसी का कोई अधिकृत गोदाम नहीं था और संचालन घर से ही किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर खुले में रखे हुए पाए गए।
डीएसओ शशिशेखर शर्मा ने बताया कि एलपीजी को लेकर सरकार की सख्त गाइडलाइन हैं और बिना लाइसेंस इस तरह का भंडारण करना गंभीर उल्लंघन है। जब्त सिलेंडरों पर कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा। जिले में घरेलू गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।