

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिले में शनिवार से उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहले दिन जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर 1680 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
चार केंद्रों पर 1680 अभ्यर्थी शामिल, नकल रोकने को CCTV निगरानी
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हो रही है। जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर, पीजी कॉलेज कुछेछा, श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर और राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। चारों केंद्रों पर कुल 3360 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनमें से शेष 1680 अभ्यर्थी 15 मार्च को परीक्षा देंगे।
परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई है, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कत न हो।
