
बस्ती – जनपद में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी उपभोक्ता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने पास उपलब्ध गैस सिलेंडर का सामान्य रूप से उपयोग करें तथा अतिरिक्त सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें। सिलेंडर समाप्त होने पर उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस कंपनी के बुकिंग नंबर पर फोन करके ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
गैस बुकिंग के लिए नंबर इस प्रकार हैं—
भारत पेट्रोलियम: 7718012345
इंडियन ऑयल: 8454955555
हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 9222201122 / 9493602222
बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होगा, जिसे अधिकृत गैस एजेंसी पर देकर सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है। दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकती है।
जिले में कुल 40 गैस एजेंसियों से 5,83,379 घरेलू गैस कनेक्शन जुड़े हुए हैं। प्रतिदिन औसतन 10 हजार गैस सिलेंडर रिफिल के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुक्रवार 13 मार्च 2026 को भी जिले में 9,494 गैस सिलेंडर विभिन्न एजेंसियों पर पहुंचे, जिनका वितरण जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य एवं रसद विभाग, पूर्ति निरीक्षक और पुलिस बल की निगरानी में कराया गया।
गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां राजस्व, खाद्य एवं रसद तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी तैनात हैं।
कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर:
📞 05542-247128
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल भोजन बनाने के लिए ही किया जा सकता है। इसका प्रयोग वाहन, वेल्डिंग या अन्य व्यावसायिक कार्यों में करना और अनियमित भंडारण करना नियम विरुद्ध है। ऐसा पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत पड़ने पर बुकिंग कर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस प्राप्त करें। जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल कंपनियों के अधिकारियों से भी समन्वय किया जा रहा है।