

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। चित्रकूट के मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में मौदहा निवासी पुलिस दरोगा गफ्फूर खां की मौत हो गई। वे देर शाम ड्यूटी से लौटते समय काली घाटी के नीचे दुर्घटना का शिकार हो गए। दरोगा पुलिस लाइन में तैनात थे और बाइक से मानिकपुर की ओर जा रहे थे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सरैया-मानिकपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही चिकित्सकों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट और क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के निर्देश दिए। थाना प्रभारी श्री प्रकाश यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क दुर्घटना बताई जा रही है।
