
डिंडौरी : 17 फरवरी, 2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आज आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आम नागरिकों से कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डिप्टी कलेक्टर बैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना गया तथा समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राजस्व प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्यान्न पर्ची, आयुष्मान कार्ड, विद्युत प्रदाय, सड़क एवं पेयजल समस्या, रोजगार से संबंधित आवेदन तथा अतिक्रमण संबंधी प्रकरण शामिल रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान एक संवेदनशील पहल के तहत सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांग बालक इकबाल यादव को सीपी चेयर प्रदान की गई। सहायक उपकरण प्राप्त होने से बालक के माता-पिता अत्यंत भावुक एवं प्रसन्न हुए तथा उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जनसुनवाई के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर प्रशासन द्वारा सुशासन की मंशा को प्रभावी रूप से मूर्त रूप दिया जा रहा है।