A2Z सभी खबर सभी जिले की

अनुशासनहीनता पर ग्राम पंचायत खरगहना के सचिव निलंबित

डिंडौरी : 17 फरवरी, 2026
कार्यालय जिला पंचायत डिंडोरी द्वारा ग्राम पंचायत खरगहना, जनपद पंचायत बजाग के सचिव गोवर्धन सिंह मरावी को शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार सचिव द्वारा लगातार पंचायत कार्यालय से अनुपस्थित रहने, शासकीय बैठकों में सहभागिता नहीं करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न मदों के अंतर्गत हितग्राही/सामुदायिक मूलक कार्यों की समीक्षा में रुचि नहीं लेने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं किया गया। इस संबंध में पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किए गए थे, किन्तु निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
गणतंत्र दिवस एवं ग्राम सभा की बैठकों में अनुपस्थिति तथा पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा की गई शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के नियम-4 के तहत निलंबन की कार्यवाही की गई है।
निलंबन अवधि में संबंधित सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत बजाग नियत किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु ग्राम रोजगार सहायक जयवंत मानिकपुरी, ग्राम पंचायत खरगहना को अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ सचिव का अतिरिक्त प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!