
कदाचार करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की धारा 144 लागू , हर केंद्र पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। में बिहार बोर्ड मैट्रिक वार्षिक परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आज से शुरू हो गई। 17 से 25 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,739 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 8,955 छात्राएं और 8,784 छात्र हैं। छात्राओं के लिए आठ तथा छात्रों के लिए सात अलग-अलग केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की धारा 144 लागू कर दी गई है और हर केंद्र पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई है।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली जा रही है। जूते और मोजे प्रवेश द्वार पर ही खुलवा लिए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की नकल की संभावना समाप्त हो सके। जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में जाने की अनुमति दी जा रही है। इससे केंद्रों पर अनुशासन का माहौल बना हुआ है। परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा गश्ती दल और उड़नदस्ता टीम सक्रिय है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इन चीजों पर पूरी तरह प्रतिबंध परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर केवल एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और पेन ले जाने की अनुमति दी गई है। मोबाइल, ब्लूटूथ या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। कदाचार करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी प्रशासन ने दी है।
