A2Z सभी खबर सभी जिले की

मुसाबनी में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, तीन माह में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प

 

जमशेदपुर।

आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में नीति आयोग के निर्देशानुसार संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला श्री सुनील चंद्रा एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल उपस्थित रहे।

संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आगामी तीन महीनों तक सघन अभियान चलाकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, महिला स्वास्थ्य एवं पशु स्वास्थ्य से जुड़े नीति आयोग के निर्धारित सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह अभियान मिशन-मोड में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विकास की खाई को पाटते हुए प्रमुख सरकारी सेवाओं की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में सेविका, सहायिका एवं सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों के उत्कृष्ट योगदान के कारण मुसाबनी प्रखंड को नीति आयोग द्वारा सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था।

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही लक्षित समूहों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सकेगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सुदूरवर्ती गांवों एवं टोलों में जाकर लोगों को योजनाओं से जोड़ें तथा आवश्यक दस्तावेज व प्रमाण पत्र बनाने में सहयोग करें।

डीडीसी श्री नागेन्द्र पासवान ने कहा कि जिला प्रशासन 14 अप्रैल 2026 तक आकांक्षी प्रखंडों के लिए निर्धारित सभी छह प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत पूरक पोषण, आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल मापन, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, स्कूलों में छात्राओं के लिए क्रियाशील शौचालय तथा पशुओं के खुरपका-मुंहपका रोग के विरुद्ध पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने प्रोजेक्ट उल्लास के अंतर्गत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार एवं मॉनिटरिंग की जानकारी देते हुए बताया कि 22 से 26 फरवरी तक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट उल्लास में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों एवं सहियाओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जेएसएलपीएस दीदी, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सहायिका सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

— आनंद किशोर

ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!