
*ग्राम कामठीकला में श्री हनुमंत कथा सप्ताह का भव्य एवं श्रद्धामय समापन*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – ग्राम कामठीकला में आयोजित श्री हनुमंत कथा सप्ताह का समापन अत्यंत भक्तिमय, श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कथा सप्ताह के अंतिम दिन व्यास पीठ का विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान श्री हनुमान जी महाराज से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की मंगल कामना की गई।

समापन समारोह के अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री उज्वल सिंह चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री मदन साहू, पार्षद श्री दुर्गेश उईके, भाजपा कार्यकर्ता श्री महेश उत्तकर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं युवा भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कथा सप्ताह के दौरान श्री हनुमान जी के चरित्र, उनकी भक्ति, पराक्रम, सेवा और समर्पण से जुड़े प्रसंगों का सजीव वर्णन किया गया। प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, सेवा भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसाद वितरण से पूरा ग्राम भक्तिरस में डूबा रहा।

समापन अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। श्री हनुमान जी महाराज के जयकारों के साथ कथा सप्ताह का समापन हुआ, जिससे समूचे ग्राम कामठीकला सहित आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया।
