
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम):
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (10वीं) एवं इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का आयोजन 3 से 23 फरवरी तक किया जाएगा। जिले में कुल 39,643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 10वीं के 21,301 तथा 12वीं के कुल 18,342 परीक्षार्थी (कला 10,183, विज्ञान 4,657 और वाणिज्य 3,502) सम्मिलित हैं।
जिले में 10वीं की परीक्षा 67 केंद्रों पर और 12वीं की परीक्षा 34 केंद्रों पर संपन्न होगी। 10वीं की परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 9:45 बजे से 1:00 बजे तक, जबकि इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की शुचिता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 3 से 23 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 प्रभावी रहेगी। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त परीक्षा के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। औचक निरीक्षण के दौरान कदाचार पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त श्री संतोष गर्ग ने कहा कि स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी मिलकर कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित कराएं। वहीं एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्रा ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा एवं उनकी मॉनिटरिंग, परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त रोशनी, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर आपूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम एसओआर श्री राहुल जी आनंद, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री चन्द्रजीत सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय सहित जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे।
— आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)


