
जमशेदपुर | 16 जनवरी 2026
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री हिदायतुल्लाह खान एवं उपाध्यक्ष श्री प्राणेश सॉलोमन ने जमशेदपुर परिसदन में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान आयोग द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि अल्पसंख्यकों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्णतः अल्पसंख्यकों के लिए संचालित योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक से पूर्व आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। इन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोग की टीम द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष श्री हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में निरंतर दौरा कर आयोग द्वारा समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। आयोग को आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
बैठक में विशेष रूप से अल्पसंख्यक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद, विद्यालयों की आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने कहा कि इन मुद्दों को माननीय मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा तथा आयोग स्तर से भी विशेष पहल की जा रही है, ताकि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अल्पसंख्यक समुदाय तक योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जा सके।
आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन


