
निर्धारित समय-सीमा में एसआईआर कार्य पूरा करने एसडीएम चतुर्वेदी ने दिये बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश
विधानसभा-93 मुडवारा में एसआईआर प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित

कटनी (15 जनवरी) – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में विधानसभा – 93 मुडवारा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत नो मैपिंग वाले मतदाताओं की सुनवाई एवं दावा आपत्ति संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
इसी अनुक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय विधानसभा-93 मुडवारा में एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी द्वारा बीएलओ सुपरवाइजर के साथ एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की गई।
एसडीएम श्री चतुर्वेदी ने बैठक के दौरान समस्त बीएलओ सुपरवाइजर को कार्य में प्रगति लाने एवं आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में एसआईआर कार्यवाही पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही सुपरवाइजरों को अवगत कराया गया कि एसआईआर अंतर्गत दावा आपत्ति की कार्यवाही हेतु आयोग ने 22 जनवरी 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की है। इस समयावधि में समस्त बीएलओ द्वारा संबंधित मतदाताओं के फार्म 6, 7 एवं 8 भरवाकर बीएलओ एप पर प्रविष्टि कराई जावे।
बैठक में निर्देशित किया गया कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण करने वाले नवीन मतदाताओं के फार्म 6 भरवाना सुनिश्चित करें। नो मैपिंग वाले जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना शेष है, उनके बीएलओ के माध्यम से तत्काल नोटिसों की तामीली करावें। जिन मतदाताओं की प्रविष्टि में लॉजिकल एरर प्रदर्शित हो रही है, उनके दस्तावेज संकलित कराकर बीएलओ प्रतिवेदन एप में अपलोड कराया जावे।
इसी प्रकार समस्त एईआरओ को निर्देशित किया गया कि वे समयावधि में मतदाताओं का सुनवाई कार्य पूर्ण करा लेवें तथा प्रस्तुत किये जा रहे दस्तावेजों का दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया जावे।
बैठक में समस्त एईआरओ क्रमश: तहसीलदार श्री आशीष अग्रवाल एवं श्री अजीत तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री प्रदीप सिंह, नायब तहसीलदार श्री अतुलेश सिंह, सुश्री अवंतिका तिवारी एवं श्री हर्षवर्धन रामटेके तथा अधीक्षक, भू-अभिलेख श्री विेवेक मुले के साथ-साथ बीएलओ सुपरवाइजर एवं कार्यालयीन निर्वाचन अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
क्रमांक-237/237