
सुबह से शाम तक आसमान में कोहरा और ओस का प्रकोप
जरूरतमंद लोगों के लिए अलाव, कंबल और रैन बसेरा की बेहतर व्यवस्था करने की आवश्यकता
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। जिले में लगातार चार दिनों से सूर्य नहीं निकलने एवं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस गिर जाने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में कोहरा और ओस का प्रकोप बना हुआ है। सर्दी और शीतलहर के कारण आम लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं सड़कों और बाजारों में भी पहले जैसी चहल-पहल नजर नहीं आ रही है। सुबह के समय कोहरा इतना घना होता है कि कुछ ही मीटर की दूरी पर देख पाना कठिन हो जाता है। इससे न केवल आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि वाहन चालकों को भी खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हुई है।
सामाजिक संगठनों द्वारा कुछ स्थानों पर कंबल वितरण किया गया है, लेकिन जरूरत के मुकाबले यह प्रयास बहुत कम है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर जरूरतमंद लोगों के लिए अलाव, कंबल और रैन बसेरा की बेहतर व्यवस्था करने की आवश्यकता है, ताकि इस कड़ाके की ठंड में किसी को जान-माल का नुकसान नहीं हो।
ग्रामीण तथा प्रखंड मुख्यालय और छोटे बाजारों में अलाव का कोई समुचित इंतजाम नहीं है। जिससे लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करने वाले मजदूर, छोटे दुकानदार और राहगीर ठंड से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इस भीषण ठंड में सबसे खराब स्थिति फुटपाथ और रैन बसेरा में जीवन यापन करने वाले लोगों की है। खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगों के पास ठंड से बचने के लिए न तो पर्याप्त कपड़े हैं और न ही गर्म रहने के साधन। कई जगहों पर लोग कंबल के अभाव में आग के सहारे जान बचाने में जुट गए हैं।
