

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। दान के भवन में चल रहे केंद्रीय विद्यालय को नए सत्र में नए भवन की सौगात मिल जाएगी। केंद्रीय विद्यालय का भवन बनकर तैयार हो चुका है। महज हैंड ओवर की प्रक्रिया शेष है। उम्मीद है कि मार्च 2026 तक यह नया भवन केंद्रीय विद्यालय को प्राप्त हो जाएगा।
कस्बे में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी। तब यहां पर भवन नहीं था। कस्बे के समाजसेवी विकास पुरुष पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आनंदी प्रसाद पालीवाल ने विद्यालय के संचालन के लिए श्री गायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का एक हिस्सा दान में दिया था। तब से यह विद्यालय दान के भवन में संचालित हो रहा है। उस समय पूर्व अध्यक्ष श्री गायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक थे। विद्यालय संचालन के बाद भवन निर्माण को करीब एक वर्ष बाद केंद्र सरकार ने 23 करोड़ की धनराशि निर्गत की थी। पिछले तीन वर्षों से भवन का निर्माण हो रहा है। अब यह बनकर तैयार हो गया है। महज फील्ड में कुछ कार्य अवशेष है। जिसको जनवरी में पूर्ण होने की उम्मीद है। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य राजमंगल यादव ने बताया कि इस विद्यालय की स्वीकृत 2018 में हुई थी। जून 2020 में प्रवेश के उपरांत कक्षाओं का संचालन हुआ था। तब छात्र संख्या 194 थी। अब छात्र संख्या 394 है। नया भवन तैयार हो गया है। अगले सत्र से नए भवन में कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। उम्मीद है कि नया भवन मार्च तक विद्यालय को हैंड ओवर हो जाएगा।
