
जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति- 847/2025
09 दिसंबर 2025
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं, सुझाव एवं मांगों को गंभीरता से सुना।
जनता की ओर से पेंशन स्वीकृति, पारिवारिक प्रताड़ना, दुकान आवंटन, रास्ता अवरोध, भूमि विवाद, ग्रामीण क्षेत्रों में जबरन मोबाइल टावर लगाने की शिकायत, दीदी कैफे खोलने के लिए स्थान उपलब्धता, चिकित्सकीय सुविधा, रैयती भूमि पर अतिक्रमण, अबुआ आवास योजना, रोजगार, बकाया वेतन भुगतान, परशुराम भवन से जुड़े मुद्दे, तथा ई-ट्राईसाइकिल सहित कई विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को तत्काल अग्रसारित करते हुए स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए कि हर आवेदन पर निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को चेताया कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए और गंभीर प्रकृति वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि समाधान के ठोस परिणाम सामने आ सकें
– Team PRD (East Singhbhum)
