
‘वाराणसी से रिपोर्ट’
“श्याम सुन्दर जायसवाल”
काशी तमिल संगमम्: तीसरा दल विशेष ट्रेन से काशी पहुँचा, बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन, भव्य कॉरिडोर देखकर हुए मंत्रमुग्ध
—————————————————————–वाराणसी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशी तमिल संगमम्-4.0 के तहत तमिलनाडु से तीसरा दल ट्रेन से 6 दिसंबर शनिवार को काशी पहुचा। बनारस रेलवे स्टेशन पर दल का पारंपरिक तरीके से डमरू वादन, पुष्प वर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन परिसर डमरू की ध्वनि से शिवमय हो उठा और अतिथि दल ने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अनुभव किया।
स्टेशन स्वागत के बाद सभी अतिथियों को मंदिर प्रशासन के सहयोग से श्री काशी विश्वनाथ धाम ले जाया गया। धाम पहुँचकर दल के सदस्यों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। धाम परिसर में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान डमरू दल की ध्वनि और पुष्प वर्षा का दृश्य अतिथियों के लिए स्मरणीय रहा।
दर्शन के उपरांत मंदिर प्रशासन ने तीसरे दल को काशी विश्वनाथ धाम के भव्य कॉरिडोर का विस्तृत भ्रमण कराया। भ्रमण के दौरान अतिथि दल ने कॉरिडोर की स्थापत्य कला, विशाल परिसर, नवनिर्मित मार्ग, परिक्रमा पथ और ऐतिहासिक स्वरूप को नजदीक से देखा। अतिथियों ने कहा कि धाम की भव्यता और दिव्यता उन्हें मंत्रमुग्ध कर देने वाली रही।
भ्रमण पूर्ण होने के बाद मंदिर द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में सभी अतिथियों के लिए दोपहर के भोजन (प्रसाद) की व्यवस्था की गई। परोसे गए प्रसाद ने अतिथियों को काशी की सेवा-परंपरा, अतिथि-सत्कार और संपूर्ण आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशी तमिल संगमम् का यह चरण काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने वाला सिद्ध हो रहा है। तीसरे दल का यह भ्रमण दोनों परंपराओं के संगम का महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर स्मरणीय रहा।