
कैमूर में सीएसपी संचालक से 2.50 लाख की लूट: पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे है

कैमूर जिले में दिनदहाड़े हुई लूट की एक बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर भैंसाला गेट के पास 31 अक्टूबर 2025 को अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से 2 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित अमरजीत कुमार लालपुर भैंसाला गेट के पास पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सीएसपी चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह वह अपने (csp) पर थे तभी पैसा जमा कराने के नाम पर आए 4–5 की संख्या में आए अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया।
हमले में बुरी तरह घायल हुआ सीएसपी संचालक
अमरजीत कुमार ने बताया कि अपराधी बाइक से आए थे और अचानक मुझ पर हमला कर दिया। अपराधियों ने उन पर लोहे की रॉड और डंडों से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान अपराधियों ने एक बैग में रखा 2 लाख 50 हजार रुपये लूट लिया। यही नहीं, सीएसपी केंद्र पर मौजूद लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य सामग्रियों को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल सीएसपी संचालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
लूट की जानकारी मिलते ही कुदरा थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया। पुलिस ने प्राथमिक छानबीन की और पीड़ित से घटना का पूरा विवरण लिया। इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि दिनदहाड़े इस तरह की बड़ी वारदात पहली बार नहीं हुई है।
एसआई शंभू भगत ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
दिनांक 01 दिसंबर 2025 को कुदरा थाना के एसआई शंभू भगत ने एक बार फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और विभिन्न कोणों से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा —
“हमने घटनास्थल के आसपास के कई बिंदुओं की जांच की है। अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है। घटनास्थल के पास और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।”
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
लालपुर भैंसाला गेट क्षेत्र में कई CCTV कैमरे लगे हैं। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे अपराधियों की गतिविधि, उनकी संख्या और उनकी दिशा का पता लगाया जा सके। शुरुआती अंदाजों के अनुसार, अपराधियों ने वारदात को प्लानिंग के तहत अंजाम दिया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या अपराधी पहले से पीड़ित का पीछा कर रहे थे या उन्हें जानकारी मिली थी कि वह बड़ी राशि लेकर जा रहा है।
स्थानीय लोग दहशत में, बढ़ी सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है। कई लोगों ने बताया कि बैंक कार्य से जुड़े सीएसपी संचालक अक्सर बड़ी राशि लेकर चलते हैं और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए।
पीड़ित के परिवार ने न्याय की मांग की
पीड़ित के परिवार का कहना है कि अमरजीत रोजाना मेहनत से अपना सीएसपी चलाते थे। अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें निशाना बनाया। परिवार ने मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित को सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस ने टीम बनाई, जल्द होगा खुलासा
कुदरा पुलिस ने इस मामले में एक विशेष टीम का गठन किया है, जो तकनीकी और मैदानी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही मामले में बड़ी सफलता हाथ लग सकती है।
फिलहाल घटना ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ सीएसपी संचालकों में भी भय पैदा कर दिया है।
