
तेज रफ्तार थार जीप और यात्रियों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत में दो
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
भरतपुर – सेवर थाना क्षेत्र के गोलपुरा रोड स्थित मुरवारा मोड़ पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार जीप और यात्रियों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से सात का इलाज आरबीएम अस्पताल में जारी है, वहीं एक महिला को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। सूचना के अनुसार रात करीब 8:45 बजे थार जीप (HR81-B-1570) ने तेज रफ्तार में ईको वैन (RJ47-CA-6331) को जोरदार टक्कर मार दी। ईको सवार लोग जयपुर के फागी क्षेत्र से गोवर्धन-वृंदावन दर्शन करने जा रहे थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ईको बुरी तरह पिचक गई और थार भी पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची सेवर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल पहुंचाया। हादसे में ईको चालक नरेंद्र उर्फ गोलू पुत्र मुरलीधर (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य महिला, श्रीमती नीतू पत्नी भंवर (25), ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में श्रीमती अशोक पत्नी विष्णु (33) को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। वहीं श्रीमती नीतू पत्नी सुमित (24), श्रीमती ललिता पत्नी बजरंग (41), श्रीमती रेखा पुत्री बजरंग (21), जीतू पुत्र घनश्याम (24), केदार पुत्र घासीलाल (45), श्रीमती सीता पत्नी केदार (43) और श्रीमती किशनी पत्नी फौजीराम (50) का आरबीएम में इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने थार सवार युवकों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। सेवर थानाधिकारी सतीश भरद्वाज ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। ईको में सवार सभी यात्री जयपुर और टोंक जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।