
अलीगढ़ न्यूज
कृषि व पशुपालन क्षेत्र की अनदेखी पर डीएम ने जताई नाराजगी, आठ बैंकों को फटकार
18 हजार से अधिक आरसी लंबित, डीएम बोलेकृटॉप-5 ऋणियों की वसूली हर हाल में हो
अलीगढ़ 08 सितंबर 2025 जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला पुनरीक्षण समिति की बैठक में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने गिरते सीडी रेशियो पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने 40 प्रतिशत से कम सीडी रेशियो वाले बैंकों को दो दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि पिछली बैठक में भी ठोस कार्ययोजना न देने के बावजूद इस बैठक में भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है, जो अत्यंत ही खेदजनक है। उन्होंने कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्र में केसीसी निर्गत न करने पर 8 बैंकों की कड़ी आलोचना की।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, पीएमईजीपी व युवा उद्यमी योजना में लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण संतोषजनक न होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एलडीएम को जिला समन्वयकों की जिम्मेदारी तय करने और बैंकों को अधिक से अधिक लोन वितरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न बैंकों में 18383 आरसी लंबित हैं और 665 आवेदन सीसीएल के अभाव में लंबित हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि बैंक अधिकारी फील्ड में जाकर टॉप-5 ऋणियों की वसूली सुनिश्चित करें। फसल बीमा योजना के अंतर्गत 30425 किसानों का बीमा किया गया है। डीएम ने अधिक से अधिक किसानों को बीमा से जोड़ने पर बल दिया। समिति ने हरदोई शाखा का भवन जर्जर होने के कारण इसके स्थानांतरण पर सहमति दी।
बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, डीडीएम नाबार्ड नितिन कुमार, आरबीआई से जितेंद्र कुमार, उपनिदेशक कृषि अरुण चौधरी, डीसी एनआरएलएम मंजू त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन एलडीएम अशोक कुमार सोनी ने किया
