
लखीमपुर-खीरी। कस्बा खीरी में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) विमल रावत पर नगर पंचायत की एक महिला सभासद ने छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला सभासद ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर कस्बे में चर्चा का माहौल गरम है।
पीड़िता का आरोप है कि जेई ने उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया और अपमानजनक टिप्पणि कीं। वहीं इस मामले में जेई विमल रावत ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह निराधार और साजिश करार दिया है।जेई विमल रावत ने बताया कि उक्त महिला सभासद का पति पूर्व में बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, जिसे शासन द्वारा संविदा समाप्त किए जाने के बाद हटा दिया गया था। इसके बाद से ही वह विभागीय अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।जेई ने बताया कि आज कस्बे में बिजली चोरी की शिकायत पर जब कार्रवाई की बात आई तो महिला सभासद के पति ने कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने लगा। जब उन्होंने कार्रवाई से इनकार किया तो महिला सभासद को सामने लाकर इस तरह के झूठे आरोप लगाए गए।
विमल रावत ने कहा मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने ये भी कहा कि यदि वह दोषी पाए जाएं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन यदि आरोप झूठे निकले तो झूठा आरोप लगाने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामला दर्ज करने से पहले संबंधित पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।