छत्तीसगढ़

ग्रेटर नोएडा : भयानक हादसे ने तबाह किया परिवार तीन सगे भाई-बहनों की मौत, शादी समारोह से जा रहे थे घर…

ग्रेटर नोएडा में परी चौक के पास गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवती घायल हो गई। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से मथुरा के जैत गांव के रहने वाले शिव सिंह कुलेसरा स्थित मधुबन विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। शिव सिंह ने बताया कि गुरुवार को उनका 28 वर्षीय बड़ा बेटा सुरेंद्र सिंह अपनी 26 वर्षीय बहन शैली, 14 वर्षीय बहन अंशू और अंशू की सहेली सिम्मी के साथ बाइक से कासना गया था। कासना में सुरेंद्र सिंह की मौसी के बेटे की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद चारों बाइक पर सवार होकर देर रात वापस अपने घर कुलेसरा लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक रात करीब 2.30 बजे परी चौक के पास सड़क पर स्पीड ब्रेकर पर ब्रेक लेने पर किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र सिंह और उसकी दोनों बहन शैली और अंशु को मृत घोषित कर दिया। घायल सिम्मी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसका एक पैर बुरी तरह कुचल गया है, जिसे काटना पड़ सकता है। सेक्टर बीटा-2 कोतवाली पुलिस के मुताबिक इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र सिंह और उसकी बहन शैली नोएडा फेज-2 स्थित अलग-अलग कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी छोटी बहन अंशु कक्षा दसवीं की छात्रा थी। एक साथ तीन सगे भाई बहनों की मौत के बाद से परिवार पर कहर टूट पड़ा। परिवार में अब माता-पिता के अलावा इकलौता बेटा बचा है। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र की दिसंबर में शादी होने थी। शादी को लेकर घर में तैयारी शुरू हो गई थी। बहनों में भाई की शादी को लेकर खुशी थी। वह भी भाई की शादी को लेकर तैयारी में जुट गई थी। परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया।

कुलेसरा में शिव सिंह के तीन नौजवान बेटे-बेटियों की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। एक साथ तीन सगे भाई बहनों के शव देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई। कॉलोनी में भी सन्नाटा छा गया। परिवार में तीन लोगों की मौत के बाद से लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। शुक्रवार की देर शाम तीनों के शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी अज्ञात वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के माध्यम से वाहन का पता लगाकर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, परिवार के लोग शवों का अंतिम संस्कार करने के बाद शुक्रवार की देर शाम बीटा दो कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने अज्ञात वाहन और आरोपी चालक का पता लगाकर गिरफ्तारी की मांग की।

(रिपोर्टर_ शेखर ठाकुर (जिला प्रमुख)

Show More

AKHAND BHARAT NEWS

AKHAND BHARAT NEWS
Back to top button
error: Content is protected !!