हमीरपुर। चिकासी थाना क्षेत्र के इछौरा गांव में खेत की फसल नष्ट करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया।
आरोप है कि ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे लोगों ने विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी राजकुमार पुत्र साधूराम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 13 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे उसके चाचा परमानंद पुत्र दुर्गाप्रसाद अपने खेत में काम कर रहे थे।
इसी दौरान गांव के श्रीपाल, बाबूराम, यशपाल, कल्लू , रंजीत, देवीशरण, रजपाल और हरनारायण ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों के हाथों में लाठी और कुल्हाड़ी थी।
आरोपियों ने ट्रैक्टर से चाचा की फसल नष्ट करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे।
शिकायत के अनुसार, परमानंद ने घर पर फोन कर परिजनों को बुलाया। इसके बाद आरोपियों ने परिजनों पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे राजकुमार को भी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि उसके परिवार के कुछ लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
राजकुमार ने बताया कि इस मामले में थाना चिकासी में मुकदमा अपराध संख्या 110/2026 दर्ज है। उसने पुलिस अधीक्षक से घायलों की चोटों को ध्यान में रखते हुए संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
