*खापरखेड़ा।* गांव में जब आंगनबाड़ी की दीदियां एक साथ निकलती हैं, तो बात सिर्फ बैठक तक नहीं रहती, वो घर-घर तक पहुंच जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा खापरखेड़ा में देखने को मिला, जहां बाल विवाह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को समझाया कि बाल विवाह सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कम उम्र में शादी से पढ़ाई छूट जाती है, सेहत बिगड़ जाती है और सपनों पर ताला लग जाता है।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति सराठे, संध्या श्रीवास्तव, आशा पुरोहित और प्रेमवती कुशवाहा ने महिलाओं और किशोरियों से खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि बेटी को पहले पढ़ने दो, अपने पैरों पर खड़ा होने दो, शादी तो बाद में भी हो जाएगी।
अभियान में आंगनबाड़ी सहायिकाएं सरोज, सुकई और सविता भी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ कानून की जानकारी दी और कहा कि अगर कहीं भी बाल विवाह की खबर मिले तो तुरंत सूचना दें, चुप न रहें।
ग्रामीणों ने भी इस अभियान को सराहा और बाल विवाह रोकने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
