मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के रीवन गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 66 वर्षीय महिला की जान चली गई।
पड़ोसी की मिट्टी की दीवार अचानक ढहने से महिला मलबे में दब गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रीवन गांव निवासी विमला (66) पत्नी राजू विश्वकर्मा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोसी जगत निषाद की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
दीवार के मलबे की चपेट में आने से विमला उसके नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग के लेखपाल मौके पर पहुंचे। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्राम प्रधान शिवप्रकाश के मुताबिक, मृतका के तीन बेटे और एक बेटी हैं।
बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा बेटा बाहर रहकर मजदूरी करता है। उनके दो बेटे मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।
मृतका के पति राजू विश्वकर्मा के पास महज एक बीघा कृषि भूमि है। महिला की मौत से परिवार के सामने दुखों के साथ ही जीवनयापन की चिंता भी खड़ी हो गई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से महिला की मलबे में दबकर मौत होने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
