बरेली आंवला एसडीएम ने मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंवला। विधानसभा क्षेत्र 126-आंवला में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण अभियान और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर तहसील सभागार में एक समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी (AERO) ने की। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों ने हिस्सा लिया।
बैठक में निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे नहीं।
आगामी चुनावों को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर जरूरी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने सभी मतदान केंद्रों पर पानी, शौचालय, रैंप और बिजली की पूरी तरह से उपलब्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
एईआरओ ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे इस काम को समय पर, जिम्मेदारी और पारदर्शिता से पूरा करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
