
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के मामले में हमीरपुर पुलिस ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अगस्त माह की IGRS रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल किया है। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में पुलिस को शत-प्रतिशत अंक मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी पर्यवेक्षण में इस उपलब्धि को हासिल किया गया। IGRS के जरिए प्राप्त शिकायतों की लगातार निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस की ओर से शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना हमीरपुर पुलिस की प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था और कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत और बेहतर समन्वय का परिणाम IGRS रैंकिंग में सामने आया है।

