
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
राठ, हमीरपुर। राठ कोतवाली क्षेत्र में उरई रोड पर बिगवा कुम्हरिया मोड़/उमरिया चौराहा के पास बुधवार को दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर मौजूद एक मवेशी की भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार एक कार में उत्तराखंड के उधमसिंह नगर निवासी मुंशीराम (55) पुत्र रघुवीर सिंह, निशाद खान, रोशनलाल समेत अन्य लोग सवार थे। वहीं दूसरी कार में कानपुर देहात के अकबरपुर निवासी धीरेंद्र सिंह (32) पुत्र ध्यान सिंह, उनकी पत्नी सुधा (30) और भाई अंकित कुमार (25) सवार थे। हादसे में अमित शर्मा (31) समेत कुल सात लोग घायल बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को चालक नियंत्रित नहीं कर सका और प्रथम दृष्टया गलत दिशा से आने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और राठ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी राठ पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सुधा, धीरेंद्र सिंह और मुंशीराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया एक वाहन के गलत दिशा से आने के कारण दुर्घटना होना सामने आया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

