देश की अखंड आवाज़ Thursday, 3 September 2026
A2Z सभी खबर सभी जिले की

आलीराजपुर-खंडवा ब्रॉडगेज रेल लाइन के प्रारंभिक एलाइनमेंट को मिली स्वीकृति

निमाड़ में खुशी की लहर...निमाड़ रेलवे संघर्ष समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और सांसद गजेंद्र पटेल का जताया आभार..

रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार ।। निमाड़ क्षेत्र के लिए लंबे समय से बहुप्रतीक्षित आलीराजपुर-खंडवा ब्रॉडगेज रेल लाइन के प्रारंभिक एलाइनमेंट को स्वीकृति मिलने से पूरे निमाड़ अंचल में खुशी की लहर है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर निमाड़ रेलवे संघर्ष समिति मुख्यालय खरगोन सहित बड़वानी, धार, आलीराजपुर और खंडवा के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यों तथा शासकीय सेवानिवृत्त पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा खरगोन-बड़वानी के लोकप्रिय सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

समिति ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुशंसा पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा आलीराजपुर से खंडवा ब्रॉडगेज रेल लाइन के प्रारंभिक रेल मार्ग के एलाइनमेंट को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

प्रस्तावित रेल लाइन से खरगोन, खंडवा, बड़वानी, आलीराजपुर और धार जिले के आदिवासी क्षेत्र, किसान, मजदूर तथा औद्योगिक क्षेत्र को सीधे लाभ मिलेगा। रेल सुविधा उपलब्ध होने से आवागमन सस्ता और सुगम होगा तथा रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही निमाड़ क्षेत्र को देश के पूर्वी एवं पश्चिमी हिस्सों से विभिन्न रेल मार्गों के माध्यम से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

समिति के अनुसार प्रस्तावित रेल मार्ग की लंबाई करीब 231 किलोमीटर होगी। इसमें नर्मदा नदी पर बोरलाय के समीप रेल पुल प्रस्तावित है। रेल लाइन करीब 120 गांवों से होकर गुजरेगी, जिनमें जिला मुख्यालय भी शामिल हैं। यह रेल लाइन आलीराजपुर जिले से प्रारंभ होकर खंडवा जिले में मुंबई रेल लाइन से जुड़ेगी।

*कई प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगा रेल संपर्क*

प्रस्तावित मार्ग में आलीराजपुर, नानपुर, धोलिया, कुक्षी, तलवाड़ा, सिंघाना, बोरलाय, राजपुर, जुलवानिया, खरगोन और खंडवा सहित अनेक प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे। माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मालभाड़ा यार्ड का भी सर्वेक्षण किया जाएगा तथा उपयुक्त स्टेशनों को मालवाहक रेल सुविधा के लिए विकसित करने की योजना प्रस्तावित है।

रेल लाइन के निर्माण से भविष्य में बड़ौदा से नागपुर के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने की संभावना है। इससे खंडवा-बड़ौदा के बीच रेल दूरी करीब 200 किलोमीटर तथा नागपुर-बड़ौदा के बीच दूरी करीब 180 किलोमीटर तक कम होने का लाभ मिल सकता है। इससे व्यापार, उद्योग, कृषि उपज के परिवहन और पर्यटन को भी गति मिलेगी।

निमाड़ रेलवे संघर्ष समिति ने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के विकास का नया द्वार खोलने वाली है। लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे निमाड़ वासियों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। समिति ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

इस स्वीकृति से आलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन और खंडवा सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।

Show More
Back to top button
रिपोर्टर बनें▶ YouTube