
सिंगरौली:जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने चरगोड़ा एवं बधमनबा विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर को बांधी राखी, कलेक्टर ने दिया उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद।
छात्र-छात्राओं को नियमित विद्यालय आने एवं मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित।
सिंगरौली: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चरगोड़ा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बधमनबा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चरगोड़ा में कलेक्टर को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं के इस आत्मीय स्नेह से कलेक्टर अभिभूत हुए और उन्होंने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और अनुशासन के माध्यम से वे अपने परिवार, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जो छात्र-छात्राएं विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उन्हें भी विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्राचार्य को विद्यालय में व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने के साथ विद्यालय परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बधमनबा का निरीक्षण किया। विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक को शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए शिक्षक श्री महेश कुमार एवं श्रीमती रूपाली राव धेकर का वेतन काटने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी विद्यालय नहीं आ रहे हैं, अपने साथियों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि सभी बच्चे शिक्षा से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय के सामने प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार दिए जाने वाले भोजन का मीनू स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भोजन की जानकारी उपलब्ध रहे।

