
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मनावर विधायक एवं राष्ट्रीय जयस संरक्षक डॉ. हिरालाल अलावा ने विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने उन पर भरोसा कर दूसरी बार विधायक चुना, इसी विश्वास के कारण उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए लगातार संघर्ष करने का अवसर मिला। उन्होंने पिछले 8 वर्षों में स्वीकृत और पूर्ण हुए प्रमुख विकास कार्यों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि यह उपलब्धियां जनता के आशीर्वाद का परिणाम हैं।
डॉ. अलावा ने बताया कि मनावर के सेमल्दा रोड पर 9 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से आधुनिक सिविल अस्पताल का निर्माण कराया गया है। इससे मनावर के साथ गंधवानी और धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 1300 करोड़ रुपए की समूह नल-जल प्रदाय योजना स्वीकृत कराई गई है। इससे मनावर और उमरबन ब्लॉक की ग्राम पंचायतों तक नर्मदा का जल पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि उमरबन ब्लॉक के उपड़ी में 5 करोड़ रुपए की लागत से कॉलेज भवन, करीब 40 करोड़ रुपए का कन्या शिक्षा परिसर, सीएम राइज स्कूल तथा 5 करोड़ रुपए का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्वीकृत कराया गया है। बाकानेर में भी सीएम राइज स्कूल की स्वीकृति हुई है।
*देवला में 39 करोड़ का एकलव्य परिसर*
मनावर ब्लॉक में देवला के पास 39 करोड़ रुपए की लागत से एकलव्य आवासीय परिसर, सेमल्दा रोड पर सीएम राइज स्कूल और 100 सीटर कन्या छात्रावास सहित अन्य कार्यों की स्वीकृति का भी उन्होंने उल्लेख किया। वर्षों से लंबित मान नदी पर बाकानेर और देवरा में पुल निर्माण तथा नर्मदा नदी पर 68 करोड़ रुपए की लागत से सेमल्दा ब्रिज को भी उन्होंने प्रमुख उपलब्धि बताया।
*मांगोद-मनावर-खलघाट फोरलेन को बताया बड़ी उपलब्धि*
डॉ. अलावा ने कहा कि स्टेट हाईवे-38 के मांगोद-मनावर-खलघाट मार्ग को फोरलेन बनाने की स्वीकृति क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर लगातार होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और सैकड़ों लोगों की जान बच सकेगी। फोरलेन बनने से क्षेत्र में आवागमन, व्यापार और विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों के पीछे जनता का आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों का सहयोग रहा है। विकास के मुद्दों को प्रमुखता से समाचार पत्रों में प्रकाशित कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने मनावर क्षेत्र के पत्रकारों का भी विशेष आभार व्यक्त किया। डॉ. अलावा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता के हितों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

