A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :शिक्षाविद और सामाजिक चिंतक पूर्व चेयरमैन हकीम उददीन के निधन पर शोक की लहर

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

मौदहा हमीरपुर। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, समाजसेवी, पूर्व चेयरमैन एवं रहमानिया इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य मास्टर हकीमउद्दीन का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अंतिम विदाई दी।मास्टर हकीमउद्दीन शिक्षा, समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने अपना जीवन शिक्षा के प्रसार और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित किया। वह करीब चार दशक पूर्व नगर पालिका चेयरमैन के पद पर रह चुके थे। इसके अलावा जल संस्थान झांसी मंडल के सदस्य के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वर्ष 1970 से 1987 तक उन्होंने कांग्रेस के जिला महासचिव के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वर्ष 1989 से 2001 तक रहमानिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पद पर रहते हुए उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उनकी प्रशासनिक क्षमता, अनुशासनप्रियता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण के कारण उन्हें क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त था। लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “प्रिंसिपल साहब” के नाम से जानते थे।रविवार सुबह 7:30 बजे नम आंखों के बीच उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि उनके निधन से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

Show More
Back to top button