
टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल, 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी गिरफ्तार

घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, लूटपाट, तोड़फोड़, फायरिंग और सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले है दर्ज।

जहानाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल और 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी पप्पू साव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बक्सर जिले के नया भोजपुर इलाके से दबोचा गया। आरोपी पप्पू साव पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी जहानाबाद पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष अंतरराज्यीय छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इसी अभियान के तहत महिला थाना कांड संख्या 35/19 में वांछित पप्पू साव को पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपी पप्पू साव परसबिगहा थाना क्षेत्र के सेंधवा गांव का निवासी है और नरेश साव का पुत्र है। पुलिस के अनुसार, उस पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, लूटपाट, तोड़फोड़, फायरिंग और सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं।
मंगलवार शाम महिला थाना प्रभारी सुरुचि शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। तकनीकी शाखा और महिला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से उसे दबोचा जा सका। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, तकनीकी शाखा प्रभारी विकास कुमार सिंह, महिला थाना अध्यक्ष सुरूचि शर्मा, धनंजय कुमार और बंटी कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।