A2Z सभी खबर सभी जिले की
Trending

नगरपालिका चुनाव 2026 की घोषणा, 23 फरवरी को होगा मतदान

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की प्रेस वार्ता, मानगो–जुगसलाई–चाकुलिया में चुनावी तैयारियों की दी जानकारी

जमशेदपुर।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका चुनाव–2026 की घोषणा के उपरांत मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्री कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने हेतु व्यापक तैयारियाँ की गई हैं।

Related Articles

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रपत्र–5 में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। नाम निर्देशन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक चलेगी, जबकि नाम निर्देशन की संवीक्षा 5 फरवरी को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की तिथि 6 फरवरी तथा निर्वाचन प्रतीक का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 23 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा, वहीं मतगणना 27 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 8 बजे से प्रारंभ होगी।

मानगो नगर निगम के लिए निर्वाची पदाधिकारी निदेशक एनईपी श्री संतोष कुमार गर्ग, जुगसलाई नगर परिषद के लिए विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्री राहुल जी आनंद जी तथा चाकुलिया नगर पंचायत के लिए अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला श्री सुनील चंद्र को नियुक्त किया गया है।

चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, वाहन, विधि व्यवस्था, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत, मीडिया, प्रशिक्षण सहित कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है।

आँकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि मानगो नगर निगम में कुल 36 वार्ड, 190 मतदान केंद्र एवं 1,96,791 मतदाता हैं। जुगसलाई नगर परिषद में 22 वार्ड, 41 मतदान केंद्र एवं 44,239 मतदाता, जबकि चाकुलिया नगर पंचायत में 12 वार्ड, 18 मतदान केंद्र एवं 12,587 मतदाता पंजीकृत हैं।

आरक्षण की स्थिति के अनुसार मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद में पद अनारक्षित (महिला) तथा चाकुलिया नगर पंचायत में अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए आरक्षित है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रेस प्रतिनिधियों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग की अपील की।

रिपोर्ट: आनंद किशोर

अखंड भारत न्यूज़ (ब्यूरो चीफ)

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

 

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!