

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर । विकासखंड अंतर्गत ग्राम करहिया में अखिल भारतीय दंगल एवं विशाल तीन दिवसीय मेले का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। यह दंगल बीते लगभग 100 वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है, जो ग्राम करहिया की समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और कुश्ती प्रेम को जीवंत रूप से प्रदर्शित करता है। इस प्रतिष्ठित दंगल का आयोजन स्वर्गीय गुलाब सिंह की स्मृति में किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों, दर्शकों और कुश्ती प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दंगल में इस बार महिला पहलवानों की कुश्ती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिला पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और आत्मविश्वास से भरे प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं दूधराज से आए पहलवानों ने भी अपनी शानदार कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हुए अखाड़े में रोमांच भर दिया, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में चित्रकूट, बांदा, लखनऊ, मथुरा, अयोध्या सहित कई अन्य जिलों व प्रदेशों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने हुनर और ताकत का बेहतरीन प्रदर्शन किया। एक-एक मुकाबला देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ अखाड़े के चारों ओर जुटी रही। आयोजन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, पूर्व विधायक युवराज सिंह लालाराम निषाद ,साधना सिंह, रमेश सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। दंगल के साथ लगे विशाल तीन दिवसीय मेले में भी लोगों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। मेले में विभिन्न दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को आकर्षित किया। पूरे आयोजन के दौरान ग्राम करहिया और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली।
