
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा, सिविल सर्जन के नाम पर पैसे की मांग, एफआईआर दर्ज
पलामू हेल्थ डिपार्टमेंट में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा हुआ है. ठगों ने अभ्यर्थियों से सीएस के नाम पर पैसे की डिमांड भी की थी |
पलामूः स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति के नाम पर फर्जीवाड़ा और पैसा वसूली का मामला सामने आया है. फर्जीवाड़ा करने वाले लोगों ने स्वास्थ्य विभाग में बहाली के नाम पर फर्जी नियुक्त पत्र जारी किया है और सिविल सर्जन के नाम पर पैसे की उगाही भी की है. मामला सामने के बाद पलामू सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल कुमार श्रीवास्तव ने मेदिनीनगर टाउन थाना में एफआईआर दर्ज करायी है. जिस मोबाइल नंबर से नियुक्ति पत्र देने और पैसे की मांग की गई थी, पुलिस उसकी तलाश कर रही है |
दरअसल, पलामू में कुछ महीनों पहले एएनएम, जीएनएम, फार्मासिस्ट समेत कई पदों पर अनुबंध पर बहाली हुई है. पलामू स्वास्थ्य विभाग ने बहाली की प्रक्रिया पूरी भी कर ली है. इस बहाली से जुड़े अभ्यर्थियों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज से पैसे की मांग की जा रही है. कई अभ्यर्थियों को फर्जी नियुक्ति पत्र देने की बात सामने आई है |
इस संबंध में पलामू सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल श्रीवास्तव ने बताया की बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. फर्जी नियुक्ति पत्र देने के बाद पैसे की मांग के लिए सिविल सर्जन के नाम का सहारा लिया गया था. जिसके बाद एफआईआर दर्ज करायी गई है |
वहीं मामले में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि सिविल सर्जन के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई इलाकों में छापेमारी कर रही है |