
कटनी- में भव्य तिरंगा बाइक रैली, स्वच्छता का भी संदेश
जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर और एसपी ने दी हरी झंडी, कलेक्ट्रेट में ली स्वच्छता की शपथ
कटनी, 12 अगस्त — ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ अभियान के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली माधवनगर चौराहा और मिशन चौक होते हुए सागर पुलिया से वापस कलेक्ट्रेट पहुंची। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति के नारों और जोश से शहर का माहौल देशभक्ति में रंग गया।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने कलेक्ट्रेट में स्वच्छता की शपथ ली और तिरंगा लगाने का वचन दिया।
वापसी पर विधायक संदीप जयसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी और अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
