बानसूर क्षेत्र के गांव बाढ़ मिलकपुर में शनिवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से वहां मौजूद 20 से 25 लोग आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सिलेंडर में आग लगते ही लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। आग से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और झुलसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को उप जिला अस्पताल बानसूर और बीडीएम हॉस्पिटल कोटपूतली पहुंचाया। अस्पतालों में एक साथ इतने घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत सभी का इलाज शुरू किया।
उप जिला अस्पताल बानसूर में प्राथमिक इलाज के बाद दो गंभीर रूप से झुलसे लोगों को जयपुर रेफर किया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों को कोटपूतली के लिए रेफर किया गया है। बाकी घायलों का बानसूर और कोटपूतली में इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गांव में इस हादसे के बाद मातम और दहशत का माहौल है।
अखंड भारत समाचार बानसूर
सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।
