कंधरपुर से 11वीं का छात्र लापता, पिता ने रखा पांच हजार का इनाम
बरेली के विशारतगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कंधरपुर निवासी 16 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है।
पिता ने बेटे का सुराग देने वाले को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। गांव कंधरपुर निवासी सिपट्टर लाल का पुत्र शिवम कस्बे के बीपी आदर्श इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार (18 नवंबर) दोपहर करीब डेढ़ बजे शिवम स्कूल में जरूरी कागजात जमा करने की बात कहकर घर से निकला था। शाम पांच बजे तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
कॉलेज प्रबंधक पन्नालाल से संपर्क करने पर पता चला कि शिवम उस दिन कॉलेज गया ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारी व संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
सूचना पर डायल-112 पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पीड़ित पिता ने विशारतगंज थाने में तहरीर देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई है।
बेटे के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस छात्र की तलाश में जुटी है।
