हमीरपुर। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्री राम प्यारे के मार्गदर्शन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल ने 19 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, निर्धारित कक्षों एवं संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके उपरांत चाइल्ड हेल्पलाइन का निरीक्षण किया, जहां दो बालक आवासित पाए गए। उन्होंने बालकों के ठहरने, देखभाल एवं सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी से बच्चों के संरक्षण एवं देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सचिव ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दोनों केंद्रों पर आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को आवश्यक सहायता, सुरक्षा एवं सुविधाएं संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उनके अधिकारों एवं हितों का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान पीएलवी पवन तिवारी एवं हुमैरा उपस्थित रहे।
