हमीरपुर। करीब 200 साल पुराने जिला मुख्यालय हमीरपुर में रेलवे स्टेशन और मेट्रो सुविधा की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
पत्रकारों के समूह द्वारा संचालित 'कानपुर से हमीरपुर मेट्रो लाओ अभियान' के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कानपुर से हमीरपुर तक मेट्रो सेवा शुरू कराने की मांग उठाई। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी तक मेट्रो पहुंच चुकी है, जबकि हमीरपुर की दूरी करीब 50 किलोमीटर है।
इसके बावजूद बुंदेलखंड के मुख्य द्वार कहे जाने वाले हमीरपुर जिला मुख्यालय के लोग आज तक रेलवे स्टेशन और मेट्रो जैसी परिवहन सुविधाओं से वंचित हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले से बेतवा नदी के खनन सहित विभिन्न स्रोतों से सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है।
वर्ष 2026 में राजस्व के मामले में जिला प्रथम स्थान पर रहा, इसके बावजूद यहां मेट्रो सुविधा की मांग पूरी नहीं हुई। अभियान को करीब दो वर्ष हो चुके हैं।
इस दौरान 12 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजा बुंदेला और राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद को भी ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी पत्र भेजकर मांग पूरी कराने में सहयोग मांगा है।
साथ ही चेतावनी दी कि जो राजनीतिक दल वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में कानपुर से हमीरपुर मेट्रो लाने की मांग शामिल करेगा, जनपदवासी उसे वोट और समर्थन देंगे। अभियान में ओपी देहरे, गणेश विद्यार्थी, कुंदन निषाद, जसवंत सिंह, शाहिद खान, प्रेमचंद्र, विकास तिवारी, श्रीप्रकाश शुक्ला, रामबाबू सहित अन्य लोग शामिल रहे।
