अवैध हथियारों और इनामी अपराधियों के सफाए के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आर्म्स क्लीन के तहत बानसूर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की । पुलिस ने कुख्यात अमन मीणा की 'AM-8584' गैंग के सरगना समेत कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड सतवीर सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान (RPS) के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी वृत्त बानसूर सुहासी जैन (RPS) के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि परिवादी कृष्ण कुमार अपने दोस्तों के साथ शिखरबंद देवरा मंदिर बानसूर के पास से लौट रहे थे। तभी पुरानी रंजिश के चलते अमन मीणा, रितिक सुरेला , निखिल वाल्मीकि, विकास मीणा, तेजपाल ठाकुर और 5-6 अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठियों व हाथ में लिए हथियार से मारपीट कर कृष्ण के हाथ, पैर और सिर पर चोटें पहुंचाईं और मौके से फरार हो गए। बाद में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान जिला विशेष टीम के कांस्टेबल संजय धनखड़ की सटीक सूचना पर पुलिस ने गुणी वाले हनुमान मंदिर, रतनपुरा के पास से इस गैंग के दो सदस्य एवं 25-25 हजार के इनामी बदमाश रितिक और विकास मीणा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 06 अवैध हथियार व 07 जिंदा कारतूस जब्त कर मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद कांस्टेबल लखनसिंह की सूचना पर पुलिस ने दांतली पहाड़ी, अलवर रोड के पास घेराबंदी कर भागने का प्रयास कर रहे गैंग के मुख्य सरगना अमन मीणा को धर दबोचा। उसके पीठ पर लटके बैग की तलाशी लेने पर 08 अवैध हथियार, 01 अतिरिक्त मैगजीन और 08 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया । वहीं दिनांक 15 नवंबर 2026 को बाद अनुसंधान प्रकरण 342/26 में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें तेजपाल सिंह, संजय कुमार और निखिल वाल्मीकि शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में गैंग के कब्जे से कुल 14 अवैध हथियार जिनमें 10 देशी कट्टे, 03 देशी पिस्टल व 01 देशी रिवॉल्वर, 02 मैगजीन तथा 15 जिंदा कारतूस और दो कपड़े के बैग बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अमन मीणा , रितिक सुरेला, विकास मीणा, तेजपाल सिंह, संजय कुमार, निखिल वाल्मीकि सहित एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में कांस्टेबल संजय धनखड़ और कांस्टेबल लखनसिंह की अहम भूमिका रही, वहीं साइबर प्रभारी संदीप हैड कांस्टेबल ने तकनीकी रूप से अहम सहयोग दिया।
