अलीगंज में जामा मस्जिद के सामने से बाइक चोरी, पुलिस तलाश में जुटी
रिश्तेदार से मिलने गया था युवक, महज आधे घंटे में अज्ञात चोरों ने उड़ाया सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी स्थित जामा मस्जिद के सामने से अज्ञात चोरों ने एक युवक की मोटरसाइकिल पार कर दी। घटना के समय युवक अपने रिश्तेदार के घर के भीतर गया था।
महज आधे घंटे के भीतर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
ग्राम अलीगंज निवासी मोहम्मद आकिल खॉन पुत्र गुलाम साबिर खॉन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक (यूपी 25 डीएच 4399) से मोहल्ला गढ़ी में जामा मस्जिद के सामने रहने वाले अपने रिश्तेदार कादर खॉन से मिलने गए थे। आकिल के मुताबिक, उन्होंने मस्जिद के ठीक सामने बाइक को अच्छी तरह लॉक करके खड़ा किया और रिश्तेदार के घर के अंदर चले गए।
करीब आधे घंटे बाद जब वह घर से बाहर निकले, तो मौके से बाइक नदारद देख उनके होश उड़ गए। पहले उन्होंने किसी परिचित द्वारा बाइक हटाए जाने की आशंका में आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर कस्बे की गलियों और मुख्य मार्गों पर काफी देर तक तलाश की गई, पर वाहन का पता नहीं चल सका। थाना अध्यक्ष अलीगंज नीरज कुमार सिंह का कहना है पीड़ित की ओर से बाइक चोरी की तहरीर मिली है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
