#अजमेर :- माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि फरवरी 2027 में 10वीं-12वीं की परीक्षाएं नहीं होंगी।
बोर्ड ने अपने आधिकारिक X हैंडल @Rajasthanboard पर इसकी जानकारी दी है। जनगणना-2027 के चलते परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
बता दें, इससे पहले 7 नवंबर को बोर्ड ने घोषणा की थी कि 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से बदलकर 10:30 बजे किया गया था। अब बोर्ड ने उस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है।
जनगणना का दूसरा चरण 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसमें सरकारी स्कूल भवन और शिक्षक-कर्मचारी जनगणना कार्य में लगेंगे। इसी वजह से बोर्ड को परीक्षा तिथियों में बदलाव करना पड़ा है।
बोर्ड ने अभी नई परीक्षा तिथियां घोषित नहीं की हैं। नया टाइम टेबल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जारी किया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पुराने फरवरी वाले शेड्यूल को मानकर न चलें और तैयारी जारी रखें।
