पुंछ में स्टंट बाइकिंग पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, हॉर्टिकल्चर चौक से दो मोटरसाइकिलें जब्त
राजेश कुमार
पुंछ: ट्रैफिक पुलिस ने आज पुंछ में स्टंट बाइकिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हॉर्टिकल्चर चौक पर दो मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, ये मोटरसाइकिलें पिछले कई दिनों से बाजार क्षेत्र में स्टंट करने और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने में शामिल थीं, जिससे पैदल चलने वालों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
आज की कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन बिना नंबर प्लेट के पाए गए।
यह कार्रवाई एसओ ट्रैफिक मारूफ अहमद की निगरानी और डीटीआई पुंछ मंजूर कोहली के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई से खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है
