हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे के बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे प्रतीक्षालय के निर्माण कार्य पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की है। आरोप है कि निर्माण कार्य में डस्ट और मानकविहीन ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी धनराशि से कराए जा रहे निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन होना चाहिए, लेकिन मौके पर इस्तेमाल की जा रही सामग्री को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता से समझौता किया गया तो भविष्य में प्रतीक्षालय की मजबूती पर असर पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि प्रतीक्षालय का निर्माण कस्बे के ठेकेदार प्रत्यूष साहू द्वारा कराया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी ने अवर अभियंता (जेई) को मौके पर भेजकर निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ईंट, बालू, डस्ट सहित अन्य निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोकने, मानकविहीन कार्य को ठीक कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब सभी की निगाहें जेई की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
