हमीरपुर। लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला शाखा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया।
धरने के बाद फार्मासिस्टों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की। प्रदेश कार्यकारिणी के निर्णय के क्रम में आयोजित धरने में जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात फार्मासिस्ट शामिल हुए।
इस दौरान फार्मासिस्टों ने अपनी लंबित वित्तीय और गैर वित्तीय मांगों को लेकर नाराजगी जताई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना था कि फार्मासिस्ट संवर्ग का पुनर्गठन, वेतनमान में परिवर्तन, वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद शासन स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। फार्मासिस्टों ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 20 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय में प्रदेशभर के फार्मासिस्ट एक दिवसीय धरना देंगे। इसके बाद अग्रिम आंदोलन और हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
धरने में जिला अध्यक्ष अंकित सचान, जिला मंत्री अजय कुमार शिवहरे सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
