बीकानेर। शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान बीकानेर कार्यालय द्वारा प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा कक्षा 8 और प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा 5, वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि में वृद्धि कर दी गई है। पंजीयक श्रीराम कुलहरि द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब विद्यार्थी 31 अक्टूबर 2026 को रात 11 बजकर 59 मिनट तक पूर्व निर्धारित दिनांक 21 अक्टूबर 2026 में अभिवृद्धि करते हुए आवेदन कर सकेंगे।
जारी आदेश में सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उनके क्षेत्राधिकार के सभी राजकीय विद्यालयों, राजकीय संस्कृत विद्यालयों, निजी विद्यालयों, मदरसों और विशेष प्रशिक्षण केंद्रों के जिन संस्था प्रधानों द्वारा उक्त तिथि तक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से कक्षा 5 और कक्षा 8 के लिए ऑनलाइन आवेदन कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों को इस कार्य के प्रभावी पर्यवेक्षण और प्रबोधन के निर्देश भी दिए गए हैं।
