बानसूर। बालिकाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ जागृति फाउंडेशन संस्थान, शर्मा मेडिकल के पास, बानसूर द्वारा बालिकाओं के लिए निःशुल्क RS-CIT कोर्स के नवीन बैच का शुभारंभ किया गया।
इस बैच का उद्घाटन बानसूर नगर पालिका चेयरमैन गिर्राज प्रसाद सैनी, नगर पालिका पार्षद निरंजन लाल सैनी एवं संदीप जाट के कर कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि वर्तमान युग डिजिटल युग है, जिसमें कंप्यूटर का ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। जागृति फाउंडेशन संस्थान द्वारा की गई यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र की बालिकाओं के भविष्य को नई दिशा देगी। उन्होंने सभी बालिकाओं को मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को समान अवसर प्रदान कर उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना और डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। इस निःशुल्क कोर्स के माध्यम से बालिकाएँ कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपनी शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं को बेहतर बना सकेंगी।
गौरतलब है कि जागृति फाउंडेशन संस्थान, बानसूर लंबे समय से शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
